नानपारा क्षेत्र से दो दिन पूर्व बाइक सवार युवकों ने चाकू से धमकाकर एक किशोरी को अगवा कर लिया। जंगल के रास्ते उसे नेपाल ले गए और एक मकान में बंधक बनाकर किशोरी से गैंगरेप रेप किया। खिड़की के रास्ते एक रिक्शा चालक को अपनी व्यथा बता किशोरी ने पिता को सूचना कराई।
पिता की सूचना पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। इस बीच किशोरी को नेपाल में छोड़कर अपहरण के आरोपी फरार हो गए। नेपाल पुलिस की सहायता से किशोरी को बहराइच लाया गया है। केस दर्ज कर पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
नानपारा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी 18 जुलाई की सुबह खेत जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने चाकू की नोंक पर किशोरी को अगवा कर जंगल के रास्ते सीमा पार नेपाल ले गए। वहां कोहलपुर कस्बे के एक मकान में बंधक बनाकर किशोरी से गैंगरेप किया।
किशोरी ने बुधवार सुबह खिड़की के रास्ते सड़क से गुजर रहे रिक्शा चालक को बुलाकर आप बीती बताई। पिता का मोबाइल नंबर देकर उन्हें सूचना देने का अनुरोध किया। रिक्शा चालक से मिली पर परिवारीजन सकते में आ गए। बेटी की तलाश में परेशान पिता ने कोतवाली नानपारा पहुंचकर पुलिस को बताया।
प्रभारी निरीक्षक नानपारा पीके सिंह ने संदेह के आधार पर बरगदहा निवासी प्रमोद कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस बीच अपहर्ता बंधक किशोरी को नेपाल में छोड़ भाग निकले। नानपारा पुलिस ने नेपाल पुलिस की सहायता से किशोरी को लेकर आई।
पीड़िता ने पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाकर गैंगरेप करने का केस दर्ज किया है। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।