कंदौसा गांव निवासी दो ग्रामीणों ने वजीरगंज बाजार निवासी एक युवक से सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.25 लाख रुपये ठग लिए।
तीन माह बाद ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप पर एक व्यक्ति ने लिए गए 25 हजार रुपये वापस कर दिए जबकि दूसरे ने अब तक पैसे नहीं लौटाए हैं। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराकर पैसे वापस दिलाने की मांग की है।
फखरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वजीरगंज गांव निवासी वकील पुत्र अजीज पान की दुकान करता है।
बौंडी थाना क्षेत्र के कंदौसा गांव निवासी शहजाद और तर्रार ने सऊदी अरब में तीस हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर नौकरी दिलवाने का झांसा दिया।
इसके बाद वकील से शहजाद ने एक लाख रुपये और तर्रार ने 25 हजार रुपये वीजा तथा पासपोर्ट के लिए वसूल लिए।
पैसे लेने के बाद उसे फरवरी में सऊदी अरब भेज दिया गया लेकिन वहां वकील को कपड़ा धुलाई का काम मिला।
वकील का कहना है कि मजबूरी में उसने किसी तरह तीन माह काम किया।
इसके बाद जब वह घर लौटा तो उसने शहजाद और तर्रार पर ठगी करने का आरोप लगाते हुए पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए।
वकील का कहना है कि ग्राम प्रधान फारुख के हस्तक्षेप पर तर्रार ने 25 हजार रुपये वापस कर दिए लेकिन शहजाद ने अभी तक रुपया नहीं लौटाया।
उसने कई बार पैैसा दिलाने के लिए थाने में तहरीर दी। कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया है।