नानपारा में बाईपास मार्ग पर सड़क दुर्घटना में पलटी रोडवेज बस।
- फोटो : अमर उजाला
नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर रोडवेज बस को सामने से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। रोडवेज बस चालक ने टैंकर से बस को बचाने के प्रयास में कट मारा लेकिन बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें सवार 23 यात्री घायल हुए।
इनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया है। बस चालक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
उतरौली डिपो बस का संचालन दिल्ली से उतरौला के बीच होता है। यह बस नानपारा क्षेत्र से गुजरती है। मंगलवार भोर में तीन बजे के आसपास उतरौला डिपो की बस यात्रियों को लेकर दिल्ली से आ रही थी। कोतवाली नानपारा अंतर्गत नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कुर्मिनपुरवा गांव के निकट रुपईडीहा से लखीमपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार टैंकर अचानक बस के सामने आ गया।
बस चालक ने टैंकर से बस को बचाने के लिए कट मारा। लेकिन इसी दौरान टैंकर ने टक्कर मार दी जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई जबकि टैंकर पास में स्थित एक खाली झोपड़ी में जा घुसा। चीख-पुकार मच गई।
आसपास गांव के लोग दौड़े। सूचना पाकर कोतवाली नानपारा के प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ला भी मौके पर आए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां पर 10 घायलों को भर्ती किया गया।
जबकि शेष को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस मामले में बस के चालक पटेलनगर उतरौला निवासी लईक ने टैंकर चालक के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। दुर्घटना के बाद टैंकर का चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ला ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनेां वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।