पयागपुर थाना अंतर्गत एक गांव निवासी मासूम अपनी सहेली के साथ उसके घर के दरवाजे पर खेल रही थी। इसी दौरान बहन को काफी दूरी पर स्थित दुकान पर टॉफी लाने के बहाने भेजकर उसके भाई ने मासूम को लैपटॉप पर पिक्चर दिखाने के लिए कमरे में बुलाया। मुंह में कपड़ा ठूंसकर युवक ने रेप किया। देर शाम को मासूम लहूलुहान हालत में बिलखते हुए घर पहुंची। बेटी की हालत देखकर परिवार के लोग सन्न रह गए। उसे निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। गुरुवार सुबह पिता ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मासूम को जिला अस्पताल पहुंचाया है। आरोपी फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पयागपुर थाना अंतर्गत एक गांव निवासी ग्रामीण की आठ वर्षीय बेटी बुधवार शाम पांच बजे के आसपास अपने घर के सामने बैठी थी। तभी पड़ोस की सहेली ने उसे खेलने के लिए अपने घर के दरवाजे पर बुला लिया। जब दोनों बालिकाएं खेल रहीं थीं। तभी सहेली का 25 वर्षीय भाई रवि उर्फ पुतनू घर से निकला। उसने बहन को टॉफी लाने के लिए गांव में काफी दूरी पर स्थित दुकान पर भेज दिया। बहन के चले जाने पर उसने पड़ोसी बालिका को लैपटॉप पर पिक्चर दिखाने के बहाने घर के अंदर बुला लिया। मकान के दूसरे हिस्से में स्थित कमरे में ले जाकर युवक ने बालिका के साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लीलता की। विरोध करने पर उसके हाथ, पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंसकर रेप की वारदात को अंजाम दिया। देर शाम को जान से मारने की धमकी देकर उसने बालिका को छोड़ा। बालिका लहूलुहान हालत में घर पहुंची तो परिवार के लोग सन्न रह गए। किसी तरह उसने अपनी व्यथा बताई। रात में ही परिवार के लोगों ने बालिका को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
सुबह पिता ने थाने पहुंचकर रवि को नामजद करते हुए घटना की तहरीर दी। थानाध्यक्ष एसके त्रिपाठी ने बताया कि पिता की तहरीर पर रवि के खिलाफ धारा 376 व पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित बालिका को जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। यहां पर उपचार के साथ ही उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी रवि घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश में टीम गठित की गई है। निरंतर दबिश दी जा रही है।