बहराइच। स्कूल जा रहे तीन मासूम छात्रों मंगलवार सुबह तेज रफ्तार का शिकार हो गए। बेरिया चौराहे के पास साइकिल सवार छात्रों को सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया।
गंभीर रूप से घायल छात्रों को अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में एक ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो की हालत जिला अस्पताल में गंभीर बनी है। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वाहन समेत भागे चालक की तलाश में पुलिस जुटी है।
देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरौर ग्राम निवासी विकास (10) पुत्र मंशाराम, देवराज (12) पुत्र मुंशीलाल व छोटकन्ने (12) पुत्र नान्हू का दो दिन पहले पास के ही स्कूल राम सहारे इंटर कॉलेज बेरिया में एडमिशन हुआ था।
मंगलवार सुबह तेज बारिश हो रही थी, जिसके चलते तीनों मित्र एक ही साइकिल पर सवार होकर स्कूल के लिए निकले।
तीनों छात्र स्कूल के पास ही पहुंचे थे कि बहराइच-गोंडा मार्ग पर गोंडा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरे ने साइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तीनों हवा में उछलकर दूर जा गिरे। इसके बाद जीप चालक छोटकन्ने को रौंदते हुए आगे निकल गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिवारीजनों को देकर घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
इमरजेंसी ओपीडी के डॉक्टरों ने छोटकन्ने को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास व देवराज की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक मौके से भाग निकला। उसके खिलाफ केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।