जरवलरोड/फखरपुर (ब्यूरो)। गाड़ी की तेज रफ्तार जरवलरोड और फखरपुर थाना क्षेत्र में हादसों का सबब बनी। इनमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र घायल हुए हैं। उन्हें सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत अटवा गांव निवासी बृजलाल अपने पिता सूर्यलाल यादव (75) और पुत्र शैलेंद्र यादव (18) के साथ रिश्तेदारी में बाराबंकी के रामनगर गए थे।
वहां से मंगलवार दोपहर तीनों लोग एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक सवार जब जरवलरोड थाना क्षेत्र के झुकिया रेल क्रॉसिंग के पास मुड़ने लगे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक उछलकर दूर जा गिरी और कार सभी को रौंदते हुए निकल गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े।
सभी को मुस्तफाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, वहां डॉक्टरों ने सूर्यलाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि बृजलाल और उसके पुत्र शैलेंद्र की हालत नाजुक देखकर उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस कार की तलाश में जुटी है।
उधर, फखरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ततेहरा गांव निवासी श्यामलाल (22) पुत्र रामलाल सोमवार देर रात बौंडी बाजार गया था। वहां से रात में जब वह लौट रहा था तभी बौंडी मोड़-जैतापुर मार्ग पर गोदाम के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी।
मौके पर ही श्यामलाल गिर गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली उसे रौंदते हुए निकल गई। इस मामले में परिवारीजनों ने ट्रैक्टर चालक का पता कर ड्राइवर संतोष पुत्र शंभू को नामजद करते हुए तहरीर दी है।