तराई में पड़ रही कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन बेहाल है। ठंड से बचने के लिए रविवार सुबह अलाव ताप रही महिला व मासूम समेत पांच लोग आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
तराई में कड़ाके की ठंड में लोगों के पास अलाव का सहारा है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने घरों में अलाव जलाना शुरू कर दिया है। रविवार सुबह कोहरे के बीच चल रही बर्फीली हवा से ठिठुर रहे ग्राम विशेश्वरगंज निवासी प्रेमशंकर विमल (40) ने अलाव जलाया। इसी दौरान किसी ने उसकी लौ तेज करने के लिए केरोसिन समझकर पेट्रोल डाल दिया।
इससे अचानक अलाव की आग भड़क उठी जिसकी चपेट में आकर प्रेमशंकर बुरी तरह झुलस गए। उधर फखरपुर क्षेत्र में नरैनापुर गांव निवासी टिल्लू का चार वर्षीय पुत्र रतन खेलते समय अलाव में गिरकर झुलस गया। पयागपुर के चयनियापुर जमुनही निवासी चंपा देवी (25) पत्नी सुभाष अलाव की आग से झुलसकर गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
महसी निवासी राजेंद्र और रिसिया निवासी बाबादीन भी अलाव की लपट से झुलस गए। सभी घायलों को उनके करीबियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उनमें चंपा देवी और रतन की हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों करीब 70 फीसदी झुलसे हैं।