मुख्यमंत्री के कड़े निर्देश के बाद भी जिला प्रशासन अभी तक सस्ती दाल उपलब्ध कराने के दावे पर खरा नहीं उतर पाया है। ऐसे में लोगों को मजबूरन फुटकर दुकानों से मंहगे दामों पर दाल की खरीददारी करनी पड़ रही है।
दो महीने में दाल लगातार महंगी होती जा रही है। 80 से 85 रुपये किलो तक दो माह पूर्व आसानी से दुकानों पर बिकने वाली दाल की कीमत अब 200 रुपये के करीब पहुंच गई है।
अचानक बढ़ी दाल की कीमतों के कारण हर वर्ग परेशान है। गरीब व्यक्ति तो दाल के बारे में सोच ही नहीं पा रहा है।
इससे निपटने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जरूर पहल की थी। उन्होंने जिलों में स्थापित कर्मचारी कल्याण निगम के डिपो से सस्ती दाल मुहैया कराने का आदेश सभी डीएम को दिया था।
लेकिन बहराइच में अब तक डिपो से दाल की बिक्री शुरू नहीं हुई। हर तबके के लोग फुटकर दुकानों पर जरूरत भर की दाल खरीदकर काम चला रहे हैं।
छुट्टी के बाद होंगे इंतजाम
सरकार की ओर से कर्मचारी कल्याण निगम के डिपो से सस्ती दरों पर दाल उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए है। हालांकि मोहर्रम, विसर्जन की छुट्टी के कारण इनकी बिक्री नहीं शुरू हो सकी है। अब सोमवार से जिला पूर्ति अधिकारी व अन्य लोगों से वार्ता कर डिपो की दाल की बिक्री शुरू करने के प्रयास होंगे।- विद्याशंकर सिंह अपर जिलाधिकारी बहराइच
दालाें के वर्तमान व पांच दिन पुराने फुटकर बाजार मूल्य
दाल वर्तमान मूल्य पुराना मूल्य
अरहर 180 175
उड़द 100 97
चना 65 63
उड़द खड़ा 120 116
मसूर 85 82