बहराइच। पानी टंकी चौराहे पर रविवार को हुई फायरिंग और संघर्ष की घटना में पुलिस ने देर रात एसपी के आदेश पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में एक शातिर अपराधी का भी नाम आया है।
माना जा रहा है कि उसी की सह पर संघर्ष को हवा मिली है और हालात बिगड़े हैं। फिलहाल, पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि जमीन के टुकड़े के विवाद में रविवार सुबह ताबड़तोड़ 15 चक्र फायरिंग हुई थी। इस मामले में एक पक्ष से किशन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 11 लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की थी, जबकि दूसरा पक्ष देर रात अपना केस दर्ज करवाने के लिए परेशान रहा लेकिन कोतवाल ने उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद केस दर्ज करने की बात कही।
इस पर दूसरे पक्ष के बच्चा पांडेय समेत पीड़ित लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर व्यथा सुनाई। इसके बाद एसपी के आदेश पर देर रात कोतवाली नगर में अशोक कुमार पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों को नामजद करते हुए मारपीट, जानलेवा हमला, सेवेन क्रिमिनल लॉ एक्ट की धारा में केस दर्ज किया है।
इसके तहत विपक्षी अमित कुमार पांडेय उर्फ बंटी, किशन कुमार, शकील, फूलमती, मनोज कुमार, प्रेम कुमार, मुंशी सगीर और अफजल को नामजद किया गया है। मालूम हो कि अफजल शहर के शातिरों की सूची में भी है। उस पर कई मामले दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने बताया कि सिविल लाइंस चौकी प्रभारी रामप्रकाश को विवेचना सौंपी गई है।
सपा नेता समेत 19 लोग शांतिभंग में पाबंद
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमे में एक पक्ष से नामजद पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि घटनास्थल व आसपास से पकड़े गए सपा नेता रमाशंकर पांडेय समेत 19 लोगों को धारा 151 में चालान करते हुए शांतिभंग में पाबंद किया गया है। इन लोगों को नगर मजिस्ट्रेट ने जमानत पर छोड़ दिया है।