नयापुरवा गायघाट निवासी एक दंपती ने बहू को विदा कराने के दौरान हुए विवाद के बाद एसओ खैरीघाट पर जबरन थाने में बैठाए रखने का आरोप लगाया है।
लात-घूंसों से पिटाई का भी आरोप लगा है। महिला ने एसपी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ ने बहू को विदा नहीं कराने के लिए फर्जी आरोप लगाने की बात कही है।
मोतीपुर थाना अंतर्गत ग्राम नयापुरवा गायघाट निवासी सगीर की शादी खैरीघाट थाना क्षेत्र के रामपुर धोबियाहार निवासी कय्यूम की पुत्री शाहिदा के साथ हुई थी।
काफी समय से वह मायके में रह रही थी। 22 जून को सगीर अपने पिता मोहर्रम अली व मां सकीना के साथ ससुराल पहुंचा था। यहां पर विवाद हो गया। विवाद के बाद मंगलवार को मामला थाने में पहुंचा।
जिस पर एसओ ने बहू को विदा कराने का दबाव बनाया। महिला सकीना का कहना है कि विवाद के एसओ छोटक यादव ने उसके पति व उसकी पिटाई शुरू कर दी।
थाने में शाम पांच बजे तक बिना कारण बैठाए भी रखा। इस मामले में महिला ने एसओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी को पत्र सौंपा है।
इस मामले में बात करने पर एसओ छोटक यादव ने बताया कि मामला उनके सामने आया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग लड़की को विदा नहीं कराना चाहते थे। जिसके लिए गलत तरीके से उनको मामले में घसीटा जा रहा है। उन्होंने पिटाई आदि की बात से पूरी तरह से इंकार किया।