सलारगंज मोहल्ला निवासी एक बालिका को मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने अगवा करने का प्रयास किया। हालांकि, बालिका की चीख पर लोग दौड़े तो बदमाश उसे छोड़कर बाग निकले। इसकी खबर फैलते ही लोग भड़क उठे और छावनी-चांदपुरा चौराहा मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मोहल्ले के लोग बच्चों को अगवा करने की वारदातों से आक्रोशित थे। सूचना मिलने पर सीओ सिटी तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया, तब जाकर करीब दो घंटे बाद जाम खत्म हुआ। एसओ ने इस मामले में तहरीर मिलने से इन्कार किया है।
दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला सलारगंज निवासी असलम की दस वर्षीय पुत्री शाहीन अपनी आठ वर्षीय बहन के साथ मंगलवार दोपहर घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान काली अपाची बाइक से दो नकाबपोश युवक पहुंच गए। शाहीन को अगवा करने का प्रयास किया गया।
उसकी चीख-पुकार पर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश उल्टे पांव भाग निकले। इसकी भनक पाकर सैकड़ों की तादाद में भीड़ जमा हो गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने छावनी चौराहा से चांदपुरा चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी अनूप कुमार, दरगाह थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर राजेंद्र कुमार, यातायात पुलिस प्रभारी आदि मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोग शहर में बढ़ रही अपहरण की वारदातों के बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से आक्रोशित थे।
सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। दरगाह एसओ संजय मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।