बहराइच (ब्यूरो)। नेपाल में भैरहवा जिला प्रहरी कार्यालय में हिरासत में रखे गए मधेशी नेता पर हवालात में बंद लोगों ने हमला कर दिया। इससे वह बेहोश हो गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार्यकर्ताओं ने हमले की निंदा करते हुए पुलिस व सरकार से कार्रवाई की मांग की है।
नेपाल के जानकीनगर निवासी डॉ. सीके राउत स्वतंत्र मधेश गठबंधन के केंद्रीय संयोजक हैं। बीते दिनों पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें बुटवल प्रहरी कार्यालय से भैरहवा अदालत में शुक्रवार को पेश किया गया था। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें भैरहवा प्रहरी कार्यालय में रखा गया था।
जहां हवालात में कुछ नेपाली अपराधियों ने किसी बात पर कहासुनी होने पर उन पर हमला कर दिया। इससे गंभीर चोटें लगने से डॉ. सीके राउत बेहोश हो गए। इस पर नेपाल पुलिस ने आनन-फानन में लुंबिनी अस्पताल बुटवल में उन्हें भर्ती कराया। संगठन के केंद्रीय प्रवक्ता अब्दुल खान का कहना है कि, रुपनदेही के डीएसपी बेल बहादुर पांडेय के इशारे पर सोची समझी साजिश के तहत केंद्रीय संयोजक पर हमला कराया गया है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।