रमपुरवा गांव निवासी एक युवक बैंक से पैसा निकालकर बुधवार दोपहर में बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने चाकू की नोंक पर बाइक रुकवाकर नकदी लूट ली और भाग गए। पीड़ित ने तहरीर दे दी है।
रिसिया थाना अंतर्गत रमपुरवा गांव निवासी विश्वनाथ वर्मा का खाता मटेरा चौराहा स्थित शिवपुर लालपुर इलाहाबाद बैंक में है। पारिवारिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए विश्वनाथ दोपहर में बैंक पैसा निकालने गया था।
उसने खाते से 50 हजार रुपये निकाले और उसे जेब में रखकर बाइक से घर की ओर रवाना हो गया। इस दौरान पीछा कर रहे बदमाशों ने अमरइया तालाब के निकट चाकू की नोंक पर बाइक रुकवा ली।
फिर विश्वनाथ पर हमला कर उसे पीटा और जेब से नकदी लूट ली। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश भाग गए। विश्वनाथ ने शोर मचाया। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।