जमुनहा (श्रावस्ती)। बरगदहा के मजरा घुमना में सोमवार को घूर से उठी चिंगारी ज्वाला बन गई। इसकी चपेट में आने से 18 घर जल गए। दो मवेशी भी जख्मी हुए हैं।
सूचना पर दमकल तो पहुंचा लेकिन बिना पानी के। इसके चलते एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई। आग बुझाने के प्रयास में एसएसबी का एक जवान भी झुलसा है।
एसडीएम जमुनहा व मल्हीपुर पुलिस ने मौका मुआयना किया है। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदहा के मजरा घुमना निवासी भग्गन पुत्र मंगल प्रसाद के घर के पास कूड़े का ढेर लगा था, जिस पर किसी ने सोमवार को राख फेंक दी।
पछुआ के कारण राख से उठी चिंगारी भग्गन के छप्पर पर जा गिरी। पल भर में तेज लपटों उठने लगीं।
देखते ही देखते लपटों की चपेट में आकर भग्गन के भाई सालिगराम व भुल्लर, मस्तराम व रामगोपाल पुत्रगण भगौती, कुल्ली व संतराम पुत्रगण पाटनदीन, माता प्रसाद पुत्र साधू राम, दरोगा पुत्र झलारी, बजरंग व रामनारायण पुत्रगण फेरी, बिरई व सुकई पुत्रगण लोधे, छेदी, रामकरन व मिश्रीलाल पुत्रगण राधे तथा तारावती पत्नी सुकई के घर राख हो गए। सूचना पर पहुंचे दमकल में पानी न होने के कारण उसे बैरंग लौटना पड़ा।
उप जिलाधिकारी जमुनहा श्रीराम सचान मौके पर पहुंचे। आग पर काबू न होता देख उन्होंने एसएसबी जमुनहा को खबर की। एसएसबी के जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग को काबू किया।
इस दौरान भुल्लर व भग्गन के एक-एक मवेशी झुलस गए। वहीं, आग बुझाने के प्रयास में एसएसबी के जवान योगेंद्र कुमार झुलस गए। हादसे में करीब दस लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।