नानपारा (बहराइच)। सीतापुर जनपद के लहरपुर थाना अंतर्गत ग्राम गनेशपुर निवासी रंजीत (25) पुत्र स्वर्गीय सुरेश की ननिहाल खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम टेढ़ी गांव में लंबे अरसे से अपनी ननिहाल में रह रहा था। वह कैटर्स में खाना बनाने का काम करता था। खाना बनाने के लिए वह बारह अगस्त को अपने अन्य सहयोगियों के साथ वैवाही गांव में गया था। यहां से 15 अगस्त को लौट रहा था। क्षेत्र में आई बाढ़ के कारण नवाब बंगले के निकट पुल के पास अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गया था। काफी तलाश के बाद उसका शव बुधवार को चौकसाहार गांव के निकट खरगनपुरवा के पास मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।