बहराइच। कोतवाली नगर अंतर्गत मोहल्ला नाजिरपुरा निवासी दिलशाद (28) पुत्र अली हुसैन शनिवार देर शाम को बाईपास रोड पर स्थित एक नर्सिंगहोम के निकट खड़ा था। तभी दो बाइक पर सवार चार युवक मौके पर पहुंचे। सभी दिलशाद से उलझ गए। अपशब्दों का प्रयोग कर अभद्रता करने लगे। दिलशाद के विरोध करने पर कट्टे से उस पर फायर झोंक दिया। गोली दिलशाद के दाहिने हाथ में लगी। फायरिंग व चीख की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। इस पर हमलावर फरार हो गए। लहूलुहान हालत में दिलशाद को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। उसके चचेरे भाई अबरार का कहना है कि रंजिश के चलते हमला हुआ है। सूचना पाकर कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह व कोतवाली देहात पुलिस भी पहुंची है। पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि रंजिश का मामला लग रहा है। जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।