झाड़फूंक कराकर लौट रही युवती से गैंगरेप
पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर लगाया आरोप
बहराइच। झाड़फूंक कराकर एक गांव से अपने घर लौट रही युवती को रास्ते में तीन लोगों ने काबू में कर असलहे से डराकर गैंगरेप किया। किसी तरह दरिंदों के चंगुल से छूटकर युवती ने शोर मचाया तो गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ। पीड़िता ने मंगलवार को एसपी को पत्र सौंपा। इस पर एसपी ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 26 वर्षीय युवती सोमवार को झाड़फूंक कराने के लिए कैसरगंज अपने भाई के साथ गई थी। तांत्रिक के घर भाई युवती को छोड़कर अपने काम से रिश्तेदारी में चला गया। युवती का कहना है कि शाम सात बजे जब वह झाड़फूंक कराकर पैदल घर के लिए चली तो गांव के ही निवासी तीन लोग उसके पीछे लग गए। रास्ते में सूनसान स्थान पर तीनों युवकों ने युवती को असलहे से डराकर काबू में कर लिया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर गैंगरेप किया। युवती का कहना है कि वह किसी तरह युवकों के चंगुल से छूटी तो शोर मचाया। चीख पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े। सूचना थाने पर दी गई। डायल 100 की पुलिस भी मौके पर आई, लेकिन मामले में केस दर्ज नहीं हुआ। युवती ने एसपी को पत्र सौंपा। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में जांच कर केस दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।