हुजूरपुर क्षेत्र में इंटर कॉलेज के एक प्रवक्ता के मकान में दाखिल हुए चोर बुधवार रात नगदी, जेवरात समेत 10 लाख रुपये की संपत्ति समेट ले गए। घटना के वक्त परिवारीजन बाहर सोए थे जिन्हें चोरों की भनक नहीं लगी। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।
हुजूरपुर क्षेत्र में ग्राम मछिया निवासी अर्जुन सिंह फूल बक्ससिंह इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं। वह कुछ दिनों से बीमार हैं। बुधवार रात परिवार के लोग उमस और गर्मी के चलते मकान के बाहर सोए थे। रात में छत के रास्ते दाखिल हुए चोर कमरों और फिर अलमारी और बक्से का ताला तोड़ डाला।
चोर अलमारी से करीब डेढ़ लाख रुपये, महिलाओं के सोने व चांदी के करीब सात लाख कीमत के जेवरात के साथ कपड़े और बर्तन भी चोर समेट ले गए। सुबह परिवार के लोग उठे तो कमरों के दरवाजे खुले देख सकते में आए। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। इससे परिवार में हड़कंप मच गया। महिलाएं रोने बिलखने लगीं।
सूचना पर ग्रामीण एकत्र हो गए। प्रवक्ता अर्जुन सिंह के मुताबिक कैश, जेवरात के साथ चोर करीब 10 लाख का सामान ले गए हैं। उन्होंने थाने पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
सूचना पर सजपा के राष्ट्रीय महासचिव कुंवर दहौरा भी मौके पर पहुंचे और एसपी से सात दिन में चोरी का खुलासा करने की मांग की।