मसौली (बाराबंकी)। बहराइच से लखनऊ जा रहे नानपारा के विधायक के काफिले की गाड़ियों के बिना टोल टैक्स दिए निकलने को लेकर शहाबपुर टोल प्लाजा पर शुक्रवार को विवाद हो गया। इसके बाद विधायक के समर्थकों व टोलकर्मियों के बीच जमकर लात-घूसे चले और तोड़फोड़ हुई। विधायक समर्थक हाइवे पर ही धरने पर बैठ गए। विधायक की ओर से टोलकर्मियों के खिलाफ दर्ज कराया गया है। टोलकर्मी ने ओर से भी तहरीर दी गई है।
नानपारा बहराइच के अपना दल के विधायक राम निवास वर्मा शुक्रवार सुबह लखनऊ में होने वाले पाटी के राष्ट्रीय अधिवेशन में जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे दो दर्जन से अधिक गाड़ियों का काफिला शहाबपुर टोल प्लाजा पर पहुंचा तो टैक्स देने को लेकर विधायक के समर्थकों व टोलकर्मियों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विधायक के समर्थकों व कर्मियों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान बाराबंकी-बहराइच हाइवे पर यातायात ठप हो गया। समर्थक हाइवे पर ही धरने पर बैठ गए। आननफानन एसडीएम सदर विजय त्रिवेदी व सीओ रामनगर डॉ. बीनू सिंह समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों को समझाने के बाद अधिकारियों ने उनको तहरीर देेने की बात कही।
विधायक ने बताया कि वे 25 गाड़ियों के साथ लखनऊ जा रहे थे। चार-पांच वाहन गुजरने के बाद टोलकर्मियों ने हमला बोल दिया। गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। विधायक के एक समर्थक की तहरीर पर केस दर्ज कराया गया है। देर शाम टोलकर्मी प्रवीण कुमार की ओर से भी तहरीर पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक शिवनरायन सिंह ने बताया कि समर्थक सौरभ वर्मा निवासी बहराइच की तहरीर पर करीब 20-25 अज्ञात टोलकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने दूसरे पक्ष की तहरीर संज्ञान में न होने की बात कही। जबकि तहरीर वायरल हो रही थी।
घटना के बाद पुलिस टोल प्लाजा पर लगे हर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में लगी रही। एक पुलिसकर्मी ने बताया कि फुटेज में दिखा है कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमलावर हैं। पुलिस ने फुटेज के बारे में अधिकारियों को अवगत करा दिया है। थाना प्रभारी भी कहते हैं कि जांच में फुटेज का अहम योगदान होगा। एएसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि टोलकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।
महिला कर्मियों से की गई अभद्रता
विधायक के काफिले की गाड़ी को पीछे करने को कहा गया था। इस दौरान काफिले में आगे चल रहीं गाड़ियों से उतरे दो दर्जन से अधिक लोगों ने हमला बोल दिया। महिला कर्मियों से भी अभद्रता की गई। कर्मियों के कपड़े फट गए। सीसीटीवी फुटेज से सारी बात साफ हो जाएगी।
-सैय्यद एहतेशाम आलम, टोल प्लाजा प्रबंधक