बहराइच। इंदिरा गांधी स्टेडियम में अंडर-19 देवीपाटन चैलेंज कप राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दो मैच खेले गए। पहला मुकाबला लखनऊ और जालौन के बीच हुआ। टॉस जीतकर जालौन ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। लखनऊ की तरफ से दोनों ही ओपनरों के शानदार शतकों की बदौलत निर्धारित 25 ओवरों में 275 रन बने। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जालौन की टीम 73 रन बना सकी।
दूसरा मुकाबला बहराइच रेड एवं डीसीए रायबरेली के बीच खेला गया। टॉस जीतकर रायबरेली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 27 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बहराइच रेड के खिलाड़ियों ने सात विकेट से मुकाबला जीत लिया।