भाई-बहन की डूबकर मौत के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी। -संवाद
मिहींपुरवा (बहराइच)। थाना क्षेत्र मोतीपुर के मनगौढ़िया मोतीपुरवा में रविवार दोपहर नहाते समय ममेरे भाई-बहन की डूबकर मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
मोतीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मनगौढ़िया के मजरा मोतीपुरवा निवासी बदलू की बेटी रिंकी (11) व लखीमपुर खीरी के धौरहरा प्रतापपुर निवासी उनके भांजे धर्मेंद्र (10) के साथ नाले में नहाने गई थी। नहाते समय दोनों भाई बहन गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
जब तक स्थानीय लोग उन्हें बाहर निकालते, दोनों की मौत हो चुकी थी। मौत की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं तहसीलदार अंबिका चौधरी, थाना प्रभारी आरके पांडेय व राजस्व टीम भी मौके पर पहुंची।
जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि धर्मेंद्र कुछ दिन पहले ही मामा के घर आया था। थाना प्रभारी राकेश पांडेय ने बताया कि नहाते समय बच्चों की डूबने से मौत हुई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दो बच्चों की मौत से गांव पसरा सन्नाटा
एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत होने से गांव में सन्नाटा पसर गया। आसपास मौजूद हर ग्रामीण की आंखें गमगीन नजर आईं। लोगों का कहना रहा कि कुछ दिन पहले ही धर्मेंद्र अपने मामा के घर आया था। लखीमपुर स्थित उसके परिजनों को क्या मालूम था कि वह उसका चेहरा अंतिम बार देख रहे हैं। हंसी-खुशी उसको ननिहाल भेजा था।