बहराइच। जिले में कोरोना ने दस्तक दे दी है फिर भी आम लोग लापरवाह नजर आ रहे हैं। बाजारों में लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। लोग बगैर मास्क पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं। इसकी बानगी बुधवार को शहर के बाजार में देखने को मिली। भीड़ में कहीं सोशल डिस्टेंंसिंग भी नजर आ रही थी। वहीं दुकानदार भी बिना मास्क लगाए लोगों को सामान देते नजर आए।
कोरोना के खतरे को लेकर लोग लापरवाह हो गए हैं। चाहे सार्वजनिक स्थान हों या बाजार, अस्पताल, कचहरी, तहसील, स्कूल व दफ्तर सभी जगहों पर लोगों के मुंह से मास्क गायब है। दो गज की दूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा है। यह हाल तब है जब बहराइच जिले में कोरोना का एक केस आ चुका है। आगामी दिनों में पड़ रहे पर्वों के मद्देनजर बाजारों में धीरे-धीरे भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में कोरोना संक्रमण को लेकर बरती जा रही यह लापरवाही बड़ी परेशानी का सबब बन सकती है।
बसों में भी कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन
प्रदेश में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इसके बाद भी बसों में कोविड नियमों का पालन नहीं हो रहा है। प्राइवेट बस चालक क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर सफर करा रहे हैं। उन्हें न तो नियमों से कोई मतलब है और न ही अधिकारियों का डर।
जांच के लिए घर-घर पहुंच रही टीम
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में दस्तक अभियान चल रहा है। इसके तहत आशा व आंगनबाड़ी घर-घर जाकर कोविड लक्षणों के बारे में पूछ रही हैं। यदि कोई कोविड लक्षण वाला व्यक्ति मिलता है, तो उसकी फौरन जांच कराई जाती है। अस्पतालों में कोविड हेल्प डेस्क बनाकर कोरोना जांच कराई जा रही है।
लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, साबुन पानी से हाथ धोने सहित सभी बिंदुओं पर जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा व रेलवे स्टेशन जरवलरोड पर आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।