जमुनहा (श्रावस्ती)। भगवानपुर भैसाही के मजरा भैंसाही में शुक्रवार विद्युत पोल पर चढ़कर लाइन दुरुस्त कर रहा संविदाकर्मी करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडा के मजरा बड़का कुंडा निवासी एजाज अहमद (28) पुत्र छोट्टन बिजली निगम में संविदा पर लाइनमैन का काम करता था। शुक्रवार को वह थाना क्षेत्र के भगवानपुर भैसाही के मजरा भैसाही में आई विद्युत लाइन में फॉल्ट दुरुस्त करने के लिए विद्युत पोल पर चढ़ा था। इस दौरान आपूर्ति बहाल होने के कारण वह बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे पहुंचे परिवारीजन शव को अपने साथ घर ले आए।
थानाध्यक्ष मल्हीपुर जय हरी मिश्रा ने बताया की परिवारजनों की ओर से तहरीर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं इस बारे में अधिशासी अभियंता विद्युत दिलीप कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी हुई है। मौत किन कारणों से हुई है इसकी जांच एसडीओ को सौंपी गई है।