रूपईडीहा(बहराइच)। अब जल्दी ही नगर पंचायत की तस्वीर बदली दिखाई पड़ेगी। रूपईडीहा नगर पंचायत का कार्यालय व कल्याण मंडप का निर्माण शुरू हो गया है। नगर पंचायत के पचपकरी वार्ड में प्रशासन की ओर से दोनों भवनों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। कार्यालय बनाने में 179 लाख जबकि कल्याण मंडप के निर्माण में 325 लाख की लागत आएगी।
नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र रूपईडीहा को शासन की ओर से नगर पंचायत का दर्जा देने के बाद यहां की नई सरकार अस्तित्व में आई है। लेकिन नगर पंचायत का अपना कार्यालय न होने से फिलहाल उधार के भवन केवलपुर में स्थित ग्राम सचिवालय में कामचलाऊ व्यवस्था बनाई गई है।
रूपईडीहा कस्बे से चार किलोमीटर की दूरी स्थित नगर पंचायत के पचपकरी वार्ड में कार्यालय के दोनों नए भवनों के लिए जमीन का चिह्नीकरण किया गया था। प्रशासन की ओर से चिन्हित की गई जमीन पर नगर पंचायत भवन व कल्याण मंडप का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया है।