बहराइच। सीएम योगी आदित्यनाथ जिले के दौरे पर जल्द ही आ सकते हैं। सीएम का कार्यक्रम एक से चार अप्रैल के बीच संभावित है। इसको लेकर अफसरों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सीएम जहां विकास कार्यो का निरीक्षण करेंगे वहीं कई योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन भी। डीएम डॉ दिनेश चंद्र ने भी सीएम के दौरे को लेकर सभी विभाग के अफसरों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।बीते सप्ताह देवीपाटन मंडल के दौरे पर आए सीएम योगी से जिले के अफसरों व जनप्रतिनिधियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई थी। इसमें कई विधायकों व सांसद ने सीएम को जिले में आने के लिए निवेदन किया था। इसके बाद एक से चार अप्रैल के बीच सीएम का कार्यक्रम तय किया जा रहा है। इस बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय से डीएम के पास भी पत्र भेजा गया है। बताया जा रहा है कि सीएम योगी किसी स्कूल में जाकर वहां का हाल देखेंगे और किसी गांव पहुंचकर वहां के विकास कार्यो का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही लोगों की समस्या सुनने के साथ अफसरों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि सीएम जिले को किसी बड़ी योजना की सौगात भी दे सकते हैं।
शहर स्थित प्रसिद्ध मरीमाता मंदिर के पास सरयू नदी का घाट है। यहां पर अयोध्या व काशी के तर्ज पर सरयू आरती करने की तैयारी की जा रही है। महसी विधायक सुरेश्वर सिंह भी इस बारे में सीएम से वीसी में मांग कर चुके है। अब यह भी चर्चा है कि सीएम जिस दिन जिले के दौरे पर आएंगे उसी दिन से सरयू आरती की शुरूआत हो सकती है। इसके लिए तैयारी भी की जा रही है। बता दें कि नवरात्र के समय मरीमाता मंदिर में प्रतिदिन हजारों भक्त पहुंचकर दर्शन पूजन करते हैं।