बौंडी। उमरी दहलो गांव में तालाब से गेंद निकालते समय डूबकर तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। गांव निवासी अभियंत गुप्ता (03) मंगलवार दोपहर घर के सामने गेंद खेल रहा था। खेलते समय गेंद घर के पास स्थित तालाब में चली गई। उसे निकालने के लिए अभियंत तालाब में उतर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर तक परिजनों को घटना की जानकारी नहीं हुई। खोजबीन के दौरान शाम करीब चार बजे तालाब के किनारे अभियंत की चप्पलें मिलीं। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसका शव जलकुंभी में फंसा मिला। देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी बौंडी संजीव वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है।