बहराइच। गांवों में बेहतर कार्ययोजना के साथ विकास कार्य करवाने वाली पांच ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार दिया गया है। शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सभी चयनित पंचायतों के प्रमुखों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के 27 पंचायत सचिवों को लैपटॉप भी वितरित किया।
ग्राम पंचायतों के प्रमुखों को उनकी पंचायत में चहुंमुखी विकास करवाने के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाते हैं। इस बार इस पुरस्कार के लिए जिले की 1,045 ग्राम पंचायतों में से 27 ने हिस्सा लिया। जिसमें जिला कमेटी की अध्यक्षता में हुई जांच के बाद महसी तहसील की ग्राम पंचायत रायपुर, सिकन्दरपुर, चित्तौरा की ग्राम पंचायत अहिरौरा, हुजूरपुर की ग्राम पंचायत रमवापुर और कैसरगंज की ग्राम पंचायत गुलहरिया गाजीपुर का चयन पुरस्कार के लिए किया गया था।
शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सभी चयनित पंचायतों के प्रधानों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। सीएम ने जिले के 27 पंचायत सचिवों को लैपटॉप भेंट किया। जिसमें महिला सचिव प्रीती शुक्ला, राजेश्वर प्रताप, तौसीफ अहमद, नागेंद्र यादव, महेश पाठक, आशीष शर्मा व अनिल पांडेय आदि शामिल रहे।