विशेश्वरगंज (बहराइच)। करीब ढाई माह पहले संदिग्ध हालात में मृत मिले एक साधु की हत्या किए जाने का परिजनों ने आरोप लगाया है। परिजन कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। डीएम के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को कब्र खोदवाकर साधु के शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के ग्राम धनुहीं के मजरे ललितनगर में साधु भावनाथ (65) की गत 11 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने भावनाथ का शव 12 अक्टूबर को दफन कर दिया। परिजनों के मुताबिक भावनाथ की शादी नहीं हुई थी। वे अपनी भूमि पर मंदिर बनाकर रहते थे। उन्होंने छोटे भाई विजयनाथ को अपनी जमीन की वसीयत कर दी थी।
परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगो ने धोखे से साधू की जमीन की वसीयत अपने नाम करा ली थी। था। इसकी जानकारी होने पर भाई विजयनाथ ने भावनाथ की हत्या किए जाने का आरोप लाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो विजयनाथ ने जिलाधिकारी से शिकायत की और एक महिला पर भावनाथ की संपत्ति की वसीयत करवाकर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया।
इस पर डीएम मोनिका रानी ने शव को दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। इस पर शनिवार को नायब तहसीलदार सचिन श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचकर कब्र खोदवाकर भावनाथ का शव बाहर निकाला। एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।