पयागपुर (बहराइच)। फरदा त्रिकोलिया गांव में सेवानिवृत्त दरोगा के घर रविवार की रात घुसे चोर कमरे में रखी अलमारी व बक्सा उठा ले गए। सुबह जब गृहस्वामी जागे तो बिखरा सामान और गायब अलमारी व बक्सा देख उनके होश उड़ गए। कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में अलमारी व बक्सा पड़ा मिला। गृहस्वामी ने बताया कि चोर उनके घर से नकदी, जेवर, कपड़ा सहित अन्य कीमती सामान ले गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
सदगुरु शरण सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। रविवार की रात घर के सभी सदस्य कमरों में ताला लगाकर छत पर सोने चले गए। वे बाहर सो रहे थे। देर रात घर में घुसे चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर उसमें रखी अलमारी व बक्सा उठा ले गए। उन्होंने बताया कि चोर उनके घर से आठ तोला सोने के जेवर, साढ़े आठ हजार नकदी, 20 साड़ियों सहित चार लाख का सामान ले गए। पयागपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जल्द चोरों को पकड़ा जाएगा।
इन घटनाओं का नहीं हुआ खुलासा
- 16 जून की रात चोरों ने धौकलपुरवा निवासी किसान शिवनारायण सिंह के घर से चार लाख के जेवर व नकदी चोरी थी। मौके पर सर्विलांस व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी।
- 22 मई को दिनदहाड़े कपड़ा व्यापारी खुटेहना निवासी शैलेंद्र उर्फ आशीष सिंह के घर से चोरों ने एक लाख की नकदी सहित लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर लिए थे। पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर दिनदहाड़े हुई चोरी से स्थानीय लोगों ने रोष जताते हुए जाम कर दी थी।