बहराइच। तीन साल पहले एक युवक को गांव के ही लोगों ने सिर पर हमला कर घायल कर दिया था। पुलिस ने जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण कराया था जिसमें रेडियोलॉजिस्ट ने गलत रिपोर्ट लगा दी थी। पीड़ित ने कोर्ट की शरण लेकर रेडियोलॉजिस्ट पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गोधना गांव निवासी कुश कुमार को जमीनी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने मारकर घायल कर दिया था। इस पर पुलिस ने आठ मई 2020 को विशेश्वरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया था। डॉक्टरी परीक्षण के लिए घायल को जिला अस्पताल में लाया गया जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। बेहोशी की हालत में केआरएम चिकित्सालय लखनऊ में भर्ती कराया गया। 9 मई को सीटी कराया गया जिसमें एमडी रेडियोलाॅजिस्ट डॉ.प्रमोद दीक्षित ने लेफ्ट पेराइटल में बोन फ्रैक्चर होने की रिपोर्ट तैयार की।
आरोप है कि इसे जिला चिकित्सालय के रेडियोलॉजिस्ट डॉ.बृजेश कुमार बेन ने विपक्षियों से सांठ-गांठ कर एनएडी का अंकन कर दिया था। डीआईजी के निर्देश पर मेडिकल टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। इस पर फिर पीड़ित का एक्स-रे कराया गया। डॉ.डीके सिंह व डॉ.आरके बसंत ने तैयार की गई रिपोर्ट को अनुचित बताया। इस पर कोर्ट के आदेश पर रेडियोलॉजिस्ट डॉ.बृजेश कुमार बेन के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।