- मतदान के दौरान मतपत्र फाड़ने व बूथ कैप्चरिंग का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पयागपुर (बहराइच)। नवसृजित नगर पंचायत, पयागपुर में गुरुवार को हुए मतदान के दौरान मतपत्र फाड़ने व बूथ कैप्चरिंग के मामले में भाजपा से अध्यक्ष पद प्रत्याशी के पति समेत तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। संबंधित पीठासीन अधिकारी सुनील सिंह की तरफ से मिली तहरीर के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पीठासीन अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को मतदान के दौरान शाम करीब सवा पांच बजे भाजपा से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सीमा सिंह के पति कपीस सिंह अपने कुछ सहयोगियों के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद द्वितीय मतदान अधिकारी उजलाई खानम से मतपत्रों को छीनने की कोशिश की। इस खींचतान में कई मत पत्र फट गए। इसमें अध्यक्ष व सभासद दोनों ही पदों के प्रत्याशी के मतपत्र थे। इस दौरान मौके पर सेक्टर मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार शाही तथा उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह भी मौजूद थे। मतपत्र छीनने में सफल न हो पाने पर आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी तत्काल डीएम डॉ. दिनेश चंद्र व एसपी प्रशांत वर्मा को भी दी गई। इसके बाद डीएम के निर्देश पर उच्चाधिकारियों ने देर शाम मौके पर पहुंचकर उक्त मतदान केंद्र का निरीक्षण भी किया था। पयागपुर के थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्जकर घटना की जांच की जा रही है।