बहराइच। नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर मोतीपुर में मंगलवार सुबह घने कोहरे में ट्रक व कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक को लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी राजू (30) दिल्ली से काम करता है। वह बहराइच के ही रहने वाले शैलेंद्र कुमार, रामकरन व रामसमुझ के साथ कार से गांव आ रहा था।
मंगलवार सुबह जब ये लोग लखीमपुर-नानपारा हाईवे पर मोतीपुर थाना क्षेत्र में कुंडवा के पास पहुंचे। तभी घने कोहरे में कार की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। इससे कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। रामकरन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे लखनऊ रेफर कर दिया। चालक शैलेंद्र कुमार सुरक्षित बताया जा रहा है। मोतीपुर थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।