निकाय चुनाव : अध्यक्ष व सभासदों के पदों पर चुनाव चिन्ह हुआ आवंटित
आयोग में पंजीकृत राजनैतिक दलों का पूर्व की भांति अपना रहेगा चुनाव चिन्ह
फोटो-33
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निकाय चुनाव में अध्यक्ष व सभासदों के निर्दल प्रत्याशियों के लिए 81 चुनाव निशान को तय किया गया था। जबकि आयोग में पंजीकृत विभिन्न सियासी दलों के चुनाव चिन्ह पूर्व की भांति ही रहेंगे। आयोग द्वारा निर्धारित चुनाव चिन्ह को शुक्रवार को अध्यक्ष व सभासदों के निर्दल प्रत्याशियों में आंवटन कर दिया गया है। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद अब प्रत्याशी बंदूक, फरसा, कुर्सी, नल व तलवार आदि चुनाव चिन्ह के सहारे चुनाव में जीत हासिल करने के लिए प्रचार-प्रसार में जुट गए है।
निकाय चुनाव की तिथियों की घोषणा होने के बाद आयोग के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से चुनाव को निष्पक्ष ढंग से कराने की तैयारी पूरी कर ली है। आयोग की ओर से अध्यक्ष के निर्दल प्रत्याशियों के लिए 39 चुनाव चिन्ह और सभासद के लिए 42 चुनाव चिन्हों को तय कर सूची जिला प्रशासन को सौंपी थी। जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को आयोग द्वारा निर्धारित किए गए चुनाव चिन्ह को अध्यक्ष व सभासदों के निर्दल प्रत्याशियों में आवंटित कर दिया गया है। बता दें कि नाम वापसी के बाद अब जिले की दो नगर पालिका व छह नगर पंचायतों में अध्यक्ष के पद पर 103 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जबकि जिले के सभी नगर निकायों में 902 सभासद के प्रत्याशी चुनावी महासमर में एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए तैयार हैं। शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों में चुनाव चिन्ह का आवंटन वितरित हो जाने के बाद अब जिले के नगर निकायों में चुनावी हलचल तेज हो गई है।
.................................................................
अध्यक्ष के पदों पर घोषित चुनाव चिन्ह
राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के अध्यक्ष के पदों के लिए दमकल, अलाव और आदमी, शटल, चिड़िया का घोसला, नल, ऊन का गोला, गुल्लीडंडा, टेबल लैंप, कंघा, छत का पंखा, फरसा, केले का पेड़, गदा, जीप, पहिया, छत का पंखा, फूल और घास, फसल काटता किसान, भगोना, पानी की बोतल, स्कूल बैग, हल, रेल इंजन, कुर्सी, डाइनिंग टेबल, लड़का-लड़की, हथौड़ा, सितारा, शहनाई, स्कूटर, सरौता, सुराही, सैनिक, शंख, रिक्शा, तलवार, लट्टू, वायुयान व वृक्ष का चुनाव चिन्ह तय किया है।
...............................................................
सभासद के पदों पर घोषित चुनाव चिन्ह
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत में सभासद के पदों के लिए बंदूक, मोटर साइकिल, भुट्टा, आनाज ओसाता किसान, ओखली, खजूर का पेड़, खंड़ाऊ, कलम दावात, गमला, कार, गाजर, किताब, गुलाब का फूल, कुल्हाड़ी, आम, इमली, उगता सूरज, घंटी, केला, चश्मा, तरकश, छाता, तराजू, मुकुट, ड्रम, डमरू, धान का पौधा, ढोलक, नाव, पत्तियां, पेपरवेट, बिजली का बल्ब, पुल, पेंसल, कुर्सी, फावड़ा, बैलगाड़ी, पेचकस, झोपड़ी, ताला चाभी, तोप, त्रिशुल चुनाव चिन्ह को तय किया है।