बहराइच। शहर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए शुक्रवार को पालिका प्रशासन की ओर से अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इस दौरान पालिका की टीम ने डीएम चौराहे से केडीसी तिराहे तक अभियान चलाकर रोड के किनारे ठेला व दुकानें लगाने वालों को हटाते हुए रोड पर गंदगी फैलाने वालों से 11 सौ रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया।शहर में फैले अतिक्रमण के मकड़जाल को हटाने की मुहिम पालिका प्रशासन ने शुरू कर दी है। शुक्रवार को पालिका के सफाई निरीक्षक सुरेश गोविंद मिश्रा, अवनीश दूबे, राजस्व निरीक्षक सतीश यादव की अगुवाई मेंं टीम ने शहर के डीएम चौराहे से केडीसी तिराहे तक अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण कर लगाए गए ठेले व अन्य सजी हुई अस्थाई दुकानें आदि को हटाते हुए सभी को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। अभियान के दौरान टीम ने रोड पर गंदगी फैलाने वाले 15 लोगों से बतौर जुर्माना 11 सौ की धनराशि भी वसूलने की कार्रवाई की गई। ईओ बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि शाम होते ही शहर के मुख्य मार्गों पर ठेले व अन्य लोग मार्ग किनारे अतिक्रमण कर अपनी दुकानें सजा लेते हैं। जिससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान चलाया गया है।