बहराइच। राज्य निर्वाचन आयोग ने ग्राम पंचायत उप चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। पंचायत उपचुनाव में जिले के 24 पदों पर चुनाव कराए जाएंगे। अधिसूचना के तहत 22 अगस्त से नामांकन की शुरू होने के साथ चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। चुनाव में मतदान छह सितंबर को सुबह सात बजे से प्रारंभ होगा जबकि मतगणना आठ सितंबर को सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद प्रशासन चुनाव को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने की तैयारी में जुट गया है।
जिले में ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान के 24 पद विभिन्न कारणों से रिक्त चले आ रहे थे। ग्राम पंचायत के खाली पदों पर उपचुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने बीते 17 अगस्त को उपचुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी है।
जिले के नौ विकास खंडों में ग्राम पंचायत के विभिन्न पदों पर उपचुनाव होने है। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम मोनिका रानी ने नौ विकास खंडों में चुनाव को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी व सहायक निर्वाचन अधिकारियों को मनोनीत कर जिम्मेदारी सौंप दी है।