बहराइच। गेहूं खरीद का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कृषि उत्पादन मंडी समिति सलारपुर स्थित खाद्य एवं विपणन विभाग के दो गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान गेहूं खरीद तथा क्रय केंद्रों पर किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को निर्देश दिया कि एजेंसियां क्रय केंद्र प्रभारियों के माध्यम से किसानों के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर उन्हें सरकारी क्रय केंद्र पर अपनी उपज लाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सुझाव दिया कि पिछले साल क्रय केंद्रों पर आने वाले तथा पंजीकृत एवं सत्यापित किसानों से भी बात करें।
प्रथम क्रय केंद्र प्रभारी देवेंद्र द्विवेदी ने डीएम को बताया कि अब तक 27 किसानों से 1315.5 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। पब्लिक फंड मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से भुगतान की कार्यवाही की जा रही है। द्वितीय क्रय केंद्र के प्रभारी आनंद प्रकाश पटेल ने बताया कि अब तक 12 किसानों से 800 क्विंटल गेहूं खरीद की जा चुकी है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा, अपर जिलाधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी सदर सुभाष सिंह धामी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजीव सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।