जरवलरोड थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसे में पलटी बस।
- फोटो : BAHRAICH
जरवलरोड (बहराइच)। दिल्ली से बहराइच आ रही डबल डेकर बस कार को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर खाईं में पलट गई। बस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए और कार चालक की मौत हो गई। खाईं में बस पलटने से सात लोगों को गंभीर चोटें आई। जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के लखनऊ-बहराइच हाईवे पर स्थित पानी टंकी के पास दिल्ली से बहराइच आ रही डबल डेकर बस ने गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे सामने से आ रही ब्रेजा कार को ठोकर मार दी। जिसके बाद बस अनियंत्रित हो गई और खाईं में पलट गई। बस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए। कार चालक अशोक यादव निवासी ग्राम बड़नपुर गनेशपुर थाना रामनगर जनपद बाराबंकी की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथ में कार में बैठे जतिन चौधरी को गंभीर चोटें आईं।
वहीं बस में सवार विनोद (22), पंकज (25) निवासी ग्राम इंद्रापुर बाजार थाना पयागपुर, बैंकबाबू (32) ग्राम कांधीकुइयां थाना पयागपुर, प्रीति श्रीवास्तव (25) ग्राम बेनी प्रसादपुरवा थाना विशेश्वरगंज, प्रमोद (27) ग्राम बेलवा थाना विशेश्वरगंज, मंत्रराज सिंह (10) ग्राम कटघरा रानीपुर थाना विशेश्वरगंज, अनीता सिंह (30) गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर जरवलरोड थानाध्यक्ष राजेश सिंह मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।