तेजवापुर (बहराइच)। विकासखंड के बहराइच-चहलारीघाट मार्ग पर बेड़नापुर बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को बुलडोजर चला। लोक निर्माण विभाग व तहसील टीम ने अवैध रूप से किए गए कब्जे को हटवाया। इस दौरान क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
कोतवाली देहात क्षेत्र के बहराइच-चहलारीघाट मार्ग पर बेड़नापुर बाजार में अवैध रूप से सड़क की दोनों पटरियों पर निर्माण करवाया लिया गया था। कई स्थानों पर अवैध रूप से दुकानें रख ली गई थी। जिसके खिलाफ रविवार को बुलडोजर की कार्रवाई की गई। बुलडोजर व भारी पुलिस बल के साथ पहुंची लोक निर्माण विभाग व तहसील की संयुक्त टीम ने सड़क के बीच से पटरी की नाप की। इस दौरान जो भी निर्माण अवैध निर्माण के दायरे में आया उसे हटवाया गया।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनुपम कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व लाउडस्पीकर से सड़क के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की सूचना दी गई थी। अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। जिसके बाद शासनादेश के अनुपालन में पुलिस विभाग, तहसील प्रशासन के साथ सड़क के मध्य भाग से 75 फीट की परिधि में दोनों तरफ के अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया है।
उन्होंने बताया कि स्थायी अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस जारी की जाएगी। इस दौरान कोतवाल देहात मनोज पांडेय, बेड़नापुर चौकी प्रभारी त्रिलोकी नाथ मौर्य समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।