खैरीघाट (बहराइच)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायपुर में नहर किनारे खेल रहे एक पांच वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव को नहर से निकाल कर दफन कर दिया। खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत राजापुर के मजरा करीम बक्सपुरवा निवासी अब्दुल मुहीद (5) सोमवार सुबह गांव के अन्य बच्चों के साथ सरयू नहर के किनारे खेल रहा था। अचानक पैर फिसलने से वह नहर में चला गया।
बच्चों ने की इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। परिजनों ने कड़ी मशक्कत कर शव को नहर से बाहर निकाला। मौत की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को दफन कर दिया। थाना प्रभारी सत्येंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बालक के डूबने की कोई सूचना नहीं मिली है। जानकारी ली जा रही है।