बहराइच। रानीपुर थाना के भगहरिया अहिराटाड़ गांव के पास नहर में सोमवार शाम 6 बजे करीब 35 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला। ग्रामीणों ने नहर में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी हरेंद्र नाथ राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामकेश, उपनिरीक्षक दिनेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के बारे में पता नहीं चल सका। सीओ डीके श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।