रुपईडीहा में युवक का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस।
रुपईडीहा। रंजीतबोझा गांव निवासी तसव्वर (22) का शव रविवार सुबह गांव के बाहर प्राथमिक विद्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों में पड़ा मिला। तसव्वर कबाड़ का कारोबार करते थे और नेपाल जाकर कबाड़ की खरीद-बिक्री करते थे। शनिवार सुबह वह नेपाल जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा और रुपईडीहा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान तसव्वर के रूप में हुई। मृतक के भाई रज्जब अली ने मौत को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि तसव्वर की पत्नी और दो बेटियां हैं, जो घटना से सदमे में हैं। एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।