देवलखा (बहराइच)। बाइक सवार किशोर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक हेलमेट नहीं लगाए था।
कैसरगंज थाना क्षेत्र के देवलखा गांव निवासी मोहित वर्मा (16) शुक्रवार की सुबह बाइक से किसी को छोड़ने गांव से कैसरगंज टोल प्लाजा गया था। लौटते समय रास्ते में अयनी मोड़ के पास उसकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हायर सेंटर ले जाते समय गजाधरपुर के पास उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मोहित चार बहनों व दो भाइयों में छोटा था। पिता रामशरण सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मातम में बदलीं होली की खुशियां
परिजनों ने बताया कि मोहित बाहर रहकर मजदूरी कर अपना भरण पोषण करता था। परिजनों और दोस्तों के साथ होली मनाने के लिए सात दिन पहले ही गांव लौटा था। मौत से खुशियों भरे घर में सन्नाटा छा गया।