सुजौली (बहराइच)। कतर्निया रेंज में मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने बुजुर्ग को पटक कर मार डाला। बुजुर्ग मंदिर से कथा सुनकर घर लौट रहा था। हाथी करीब दो घंटे तक मौके पर उत्पात मचाते रहे। पुलिस व वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। एक महीने में हाथियों के हमले में दूसरी मौत से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सुजौली थाना क्षेत्र के बिहारीपुरवा निवासी राधेश्याम उर्फ मैनेजर (60) चित्रकारी कर गुजर-बसर करते थे। इस समय वह कुरकुरी कुंआ निवासी अपने दोस्त रामजीत वर्मा के घर रह रहे थे। मंगलवार को कारीकोट माता मंदिर पर चल रही शिव कथा सुनने गए थे। रात लगभग दस बजे कथा समाप्त होने के बाद वह आसपास के लोगों के साथ लौट रहे थे। रास्ते में चमन चौराहे के पास साथ के लोग अपने-अपने घर चले गए। राधेश्याम अपने घर की तरफ मुड़ गए। चमन चौराहा मोड़ से लगभग 100 मीटर आगे हाथियों के झुंड ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया।
राधेश्याम चिल्लाए तो आसपास के लोग पहुंच गए, लेकिन तब तक हाथियों ने उन्हें पटकना शुरू कर दिया था। ग्रामीणों के मुताबिक हाथी मैनेजर को सूंड़ में लपेटकर पटक रहे थे। उन्हें बचाने के लिए टॉर्च जलाकर शोर मचाना शुरू किया गया, लेकिन हाथी नहीं माने। हाथियों ने ग्रामीणों पर भी हमले की कोशिश की तो वे भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी वीके मिश्रा व थाना प्रभारी सुजौली राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस व वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत कर हाथियों को खदेड़ा। इस दौरान हाथी लगभग दो घंटे तक उत्पात मचाते रहे। भगवान और यशपाल की गेहूं व सरसों की फसल भी तहस-नहस कर दी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जनवरी माह में हाथियों के हमले का यह दूसरा मामला है जिसमें किसी की मौत हुई है। 10 जनवरी को कतर्नियाघाट रेंज के ही बर्दिया गांव निवासी सुरेश को हाथियों ने खेत पर पटक कर मार डाला था। लगातार हो रहे हाथियों के हमले से ग्रामीणों में दहशत है।
हाथियों के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक मदद दी जाएगी।
- आकाशदीप बधावन, डीएफओ