बहराइच। बीते 15 दिनों से भीषण ठंड व कोहरे से परेशान लोगों को शुक्रवार को थोड़ी राहत मिली। सुबह लगभग 10 बजे ही सूर्यदेव के दर्शन हो गए और लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। पार्कों में बच्चे उमड़ पड़े। बाजार में भी रौनक दिखी। 15 दिन से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास टिका अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, सुबह के समय पूरा जिला घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा और हाईवे पर दृश्यता बेहद कम रही।
बृहस्पतिवार रात हुई हल्की बूंदाबांदी के चलते शुक्रवार की सुबह ठिठुरन वाली रही। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। हालांकि, 10 बजते-बजते कोहरा छंट गया और सूर्यदेव के दर्शन हो गए। गुनगुनी धूप निकलने से 15 दिन ठंड से परेशान लोगों को राहत मिली। कलेक्ट्रेट के पीछे स्थित राजकीय पार्क भी गुलजार रहा। महिलाओं को घर पर कपड़े, गेहूं आदि की सफाई करते देखा गया। मेडिकल कॉलेज में भी मरीजों व तीमारदारों को चटक धूप का आनंद लेते देखा गया। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक वीपी शाही ने बताया कि धूप से फसलों को फायदा होगा। गेहूं व सब्जियों की बढ़वार होगी। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विशेश्वरगंज। विकासखंड क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था न होने से शुक्रवार सुबह राहगीर परेशान रहे। बस स्टॉप चौराहे पर राहगीरों को होर्डिंग जलाकर हाथ सेंकते देखा गया। ऐसा ही नजारा गंगवल बाजार, बिंद्रा बाजार, श्रीनगर तिराहा, विशेश्वरगंज बाजार, बस स्टॉप तिराहा, पुरैना तिराहा, मन्नीटांड़ तिराहा आदि पर भी देखने को मिला।