बहराइच। शहरवासियों को जल्द ही एक आधुनिक सुविधायुक्त सभागार की सौगात मिलेगी। शासन ने चार करोड़ की लागत से शहर में एक भव्य सभागार के निर्माण को मंजूरी दी है। निर्माण पर खर्च होने वाली धनराशि भी स्वीकृत कर जिले को भेज दी गई है। इससे शहर में बड़े स्तर पर सांस्कृतिक व अन्य कार्यक्रमों का आयोजन हो सकेगा। इसका सीधा फायदा शहर की तीन लाख की आबादी को मिलेगा।
शहर में बीते लंबे समय से सांस्कृतिक, राजनैतिक व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सुविधायुक्त आयोजन स्थल के बतौर बड़ा सभागार बनाने की मांग की जा रही थी। इसके चलते ही जिला प्रशासन की ओर से ऑडिटोरियम के निर्माण स्थल के बतौर डीएसओ कार्यालय के समीप खाली पड़ी जमीन को चिह्नित कर, इसका प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन की ओर से इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए चार करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत कर जिले को भेज दी गई है। एडीएम मनोज ने बताया कि सभागार निर्माण के लिए भूमि चिन्हित हो गई है। प्रशासन शीघ्र ही कार्यदायी संस्था का निर्धारण कर सभागार के निर्माण की प्रक्रिया को शुरू कराएगा।