बहराइच। नकहुआ गांव के एक मकान में छापा मारकर पुलिस ने कच्ची शराब बनाते दो लोगों को दबोच लिया। इस दौरान शराब बनाने के उपकरण व कच्ची शराब भी बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
एएसपी (ग्रामीण) अशोक कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि खैरीघाट थाना क्षेत्र के नकहुआ गांव के एक मकान में कच्ची शराब तैयार की जा रही है। इसके बाद मौके पर टीम भेजी गई। टीम ने 120 लीटर कच्ची शराब बरामद करते हुए दो लोग लोगों को गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष निखिल श्रीवास्तव ने बताया कि मौके से यूरिया, नौसादर व शराब बनाने का अन्य सामान बरामद हुआ है। आरोपियों की पहचान नकहुआ गांव निवासी मदन पांडेय व राज बहादुर के रूप में हुई है। मदन पांडेय के मकान में शराब बनाने का काम किया जा रहा था। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।