रिसिया(बहराइच)। विकास खंड रिसिया के कार्यालय पर सोमवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। हंगामेदार बैठक में सदस्यों ने आरोप लगाया कि पूर्ति निरीक्षक की शह पर कोटेदार घटतौली कर रहे हैं। इस दौरान आवास योजना का लाभ पात्रों को दिलाने की मांग भी की गई।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रीना जायसवाल ने की। बैठक के दौरान ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ति निरीक्षक की शह पर क्षेत्र के कोटेदार उपभोक्ताओं को मानक के अनुसार खाद्यान्न आदि का वितरण नहीं कराते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्रों को नहीं मिल रहा है। आवास वितरण की सूची का सत्यापन कराकर योजना का लाभ पात्रों को ही दिलाया जाए। खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार यादव ने पूर्ति निरीक्षक को खाद्यान्न मानक के अनुसार ही वितरित कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर प्रधान संघ के अध्यक्ष पवन जायसवाल, सीएचसी प्रभारी प्रताप गौतम, सीडीपीओ अनुज वर्मा, जनकराम वर्मा, संजय जायसवाल, महेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।