बहराइच। समाजवादी पार्टी ने नगर निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा सोमवार को कर दी। पार्टी ने मुस्लिम चेहरों पर भरोसा जताते हुए एक नगर पालिका व तीन नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर तीन मुस्लिम व एक कायस्थ प्रत्याशी को पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ाने का एलान किया है।
पार्टी ने सदर नगर पालिका, जरवल व कैसरगंज नगर पंचायत से मुस्लिम प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। इसमें एक पूर्व चेयरमैन व एक मौजूदा चेयरमैन के पति हैं। पयागपुर नगर पंचायत की महिला सीट पर क्षेत्र के पूर्व विधायक की अनुज वधू को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी ने सदर नगर पालिका के वार्ड प्रत्याशियों के नाम की सूची भी जारी कर दी है। सोमवार को प्रत्याशियों के नाम का एलान करने से पूर्व सपा के जिला कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों व चुनाव में दावेदारी करने वालों की एक बैठक भी हुई।
बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव ने करते हुए निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। बताया कि प्रदेश नेतृत्व व पूर्व मंत्री यासर शाहर और विधायक कैसरगंज की संस्तुति के बाद सदर नगर पालिका परिषद से पूर्व चेयरमैन तेजे खां को पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है। तेजे खां दो बार सदर नपाप में अध्यक्ष पद का चुनाव जीत चुके हैं। इसके अलावा नवसृजित नगर पंचायत पयागपुर की महिला सीट से पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के अनुज वधू पारूल श्रीवास्तव व कैसरगंज से यूसुफ अली को प्रत्याशी बनाया गया है। इसी तरह जरवल नगर पंचायत से मौजूदा चेयरमैन तस्लीमा बनों के पति इंतजार अहमद को पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है। सभी प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल प्रदान कर अपने अपने क्षेत्र में पूरी मजबूती के साथ चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जुट जाने को कहा गया है।