बहराइच। देशी शराब की दुकान पर ज्यादा पैसे मांगने का विरोध करना दो युवकों को भारी पड़ गया। दुकान के मुनीम ने साथियों के साथ मिलकर दोनों को जमकर पीटा। दोनों युवकों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत धनौली खुर्द निवासी लक्खू सिंह (35) व मटेरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर निवासी रोहित कुमार बृहस्पतिवार को किसी कार्य से बहराइच आए थे। रात में वापस जाते समय लगभग आठ बजे दोनों थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र के मिशन अस्पताल के पास स्थित देशी शराब की दुकान पर पहुंचे। दोनों ने दुकान से एक पौवा लिया। आरोप है कि दुकान के मुनीम ने 50 की जगह 55 रुपये की मांग की। दोनों ने विरोध किया।
इसी को लेकर कहासुनी होने लगी। आरोप है कि मुनीम व उसके कुछ साथियों ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी। सिर पर लोहे की रॉड लगने से लक्खू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। लक्खू के चाचा प्रमोद सिंह ने बताया कि दरगाह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मुनीम अर्जुन यादव व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।