बहराइच। जरवलरोड स्थित आईपीएल चीनी मिल में 30 नवंबर को गन्ना लेकर गए एक किसान का शव पड़ा मिला था। किसान के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। परिवारवालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। मामले में चीनी मिल के गार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के खेंसुआ निवासी गन्ना किसान रामकेवल (40) 30 नवंबर को आईपीएल चीनी मिल में बैलगाड़ी से गन्ना लेकर गए थे। शाम को मिल यार्ड के पास उनका शव पड़ा मिला था। रामकेवल के सीने, पीठ व गुप्तांग पर चोट के निशान थे। उनके भाई विजय ने हत्या का आरोप लगाते हुए जरवलरोड थाने में तहरीर दी थी। एएसपी सिटी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि रामकेवल की किसी बात को लेकर चीनी मिल के गार्ड अश्विनी से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद हुई मारपीट में रामकेवल की मौत हो गई थी। पुलिस ने अश्विनी पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर शनिवार को जेल भेज दिया है।